उत्तराखंड से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां यात्रियों से भरी रोडवेज बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए...
उत्तराखंड से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां यात्रियों से भरी रोडवेज बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। लेकिन बस में सवार लोगों की जान बचाने के लिए चालक ने आखिरी पल तक संघर्ष किया और बस को पहाड़ी से टकरा दिया। इस हादसे में चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार चम्पावत के टनकपुर डिपो की रोडवेज बस धारचूला से टनकपुर की ओर जा रही थी। वही बुधवार लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोड़ाखान-रायकोट के पास अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए।
बता दे, स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने बस को अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से बचाने के लिए उसे सीधे पहाड़ी की ओर मोड़ दिया जिससे बस पहाड़ी से टकरा गई और बड़ा हादसा टल गया।
लेकिन इसी दौरान चालक की ओर का दरवाजा खुल गया। चालक सीट से नीचे सड़क किनारे नाली में जा गिरा और दुर्भाग्यवश बस का टायर उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
वही मृतक चालक की पहचान बेनीराम भट्ट निवासी चम्पावत के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक सूझबूझ नहीं दिखाता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।