चम्पावत जिले के बनबसा से साइबर अपराध का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां यौन शक्ति वर्धक दवाइयों का झांसा देकर एक युवक को न सिर्फ साइबर ठगी का शिकार बनाया गया
चम्पावत जिले के बनबसा से साइबर अपराध का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां यौन शक्ति वर्धक दवाइयों का झांसा देकर एक युवक को न सिर्फ साइबर ठगी का शिकार बनाया गया, बल्कि उसे मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया गया कि मामला आत्महत्या के लिए उकसाने तक पहुंच गया।
दरअसल, पीड़ित के पिता दुर्जन लाल ने बनबसा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि साइबर अपराधियों ने उनके बेटे को अपने जाल में फंसाया। आरोप है कि आरोपियों ने युवक की निजी और अश्लील सामग्री हासिल कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। लगातार मानसिक दबाव और धमकियों के बीच युवक से विभिन्न माध्यमों से करीब 1 लाख 87 हजार रुपये भी ठग लिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने धनुषपुल-सोनियानाला मार्ग के पास दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र सिंह चितौड़िया और शिवा सिंह चितौड़िया, निवासी शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।