होमस्टे की आड़ में चल रहा था बड़ा खेल, 103 होमस्टे पर चला प्रशासन का डंडा

देहरादून में प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए 103 होमस्टे के रजिस्ट्रेशन रद्द किए। जांच में कई होमस्टे होटल-बारातघर की तरह चलते मिले, जहां सुरक्षा और नियमों की अनदेखी पाई गई।

होमस्टे की आड़ में चल रहा था बड़ा खेल, 103 होमस्टे पर चला प्रशासन का डंडा
JJN News Adverties

देहरादून में होमस्टे की आड़ में चल रहे बड़े खेल पर अब प्रशासन का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। नियमों को ताक पर रखकर होटल और बारातघर की तरह संचालित किए जा रहे 103 होमस्टे के पंजीकरण रद्द कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं, अब इन्हें पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है।

दरअसल, जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सफाई’ के तहत जांच में सामने आया कि कई होमस्टे नियमों के खिलाफ संचालित किए जा रहे थे। प्रशासन के अनुसार पहले चरण में 17, दूसरे चरण में 79 और तीसरे चरण में 7 होमस्टे के रजिस्ट्रेशन निरस्त किए गए।

जानकारी के मुताबिक प्रशासन की पांच मजिस्ट्रेट टीमों ने जिलेभर में 153 निरीक्षण किए, जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि कई होमस्टे होटल, बारातघर और कमर्शियल यूनिट की तरह चलाए जा रहे थे। कुछ स्थानों पर देर रात तक डीजे, बार संचालन और नशे से जुड़ी गतिविधियों की शिकायतें भी मिलीं।

इसके अलावा कई होमस्टे बिना अग्निशमन उपकरण, बिना फूड लाइसेंस और तय क्षमता से अधिक कमरों के साथ संचालित पाए गए। कई जगह मालिक खुद मौजूद नहीं थे और प्रॉपर्टी को किराये या लीज पर दिया गया था।

प्रशासन का कहना है कि इस तरह संचालित हो रहे होमस्टे कानून व्यवस्था और सुरक्षा के लिए खतरा बनते जा रहे थे। फिलहाल सभी संबंधित यूनिट्स को पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

JJN News Adverties
JJN News Adverties