देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के देवऋषि एनक्लेव में इंटरनेट के माध्यम से हुई पहचान के बाद एक 48 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है....
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के देवऋषि एनक्लेव में इंटरनेट के माध्यम से हुई पहचान के बाद एक 48 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने के बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पटेलनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मकान के भूतल स्थित एक कमरे में एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दीपक गुप्ता के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी की पहचान इंटरनेट के माध्यम से हुई थी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और दोनों के बीच संबंधों समेत मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।