उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की तबीयत अचानक बिगड़ी, उन्हें एयरलिफ्ट कर AIIMS ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। CM पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से जानकारी ली।
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सतपाल महाराज की तबीयत अचानक बिगड़ने से हड़कंप मच गया। उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर AIIMS ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज एक अहम बैठक के सिलसिले में पहाड़ी क्षेत्र में गए हुए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत उन्हें एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश पहुंचाया।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक सत्याश्री बालीचा ने बताया कि सतपाल महाराज को एहतियातन ICU में भर्ती किया गया है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
डॉक्टरों का हेल्थ अपडेट
डॉक्टरों के अनुसार, उनकी सभी जांच रिपोर्ट सामान्य हैं और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। राहत की बात यह है कि वे सामान्य रूप से खाना खा रहे हैं, चल-फिर रहे हैं और बातचीत भी कर पा रहे हैं।
सीएम धामी पहुंचे अस्पताल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से सतपाल महाराज की सेहत की जानकारी ली। इस दौरान ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फिलहाल सतपाल महाराज को कार्डियक केयर यूनिट में रखा गया है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।