भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। दौरे में संगठन मजबूती, कार्यकर्ताओं से संवाद और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर फोकस रहेगा।
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज से अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासतौर पर आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति इस दौरे का मुख्य केंद्र रहने वाली है।
कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नबीन शाम करीब 6 बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे। यहां वह पार्टी की कोर कमेटी और प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ अहम बैठक करेंगे। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह मुख्यमंत्री से मुलाकात कर राज्य के राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इसके अलावा सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकों का भी कार्यक्रम तय किया गया है। इन बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर विशेष फोकस रहेगा।
भाजपा नेताओं का कहना है कि नितिन नबीन का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को और मजबूती प्रदान करेगा।