देहरादून के कुठालगेट क्षेत्र में एक युवक पर पहचान छिपाकर युवती को मसूरी ले जाने का आरोप लगा। मामले के बाद मौके पर हंगामा हुआ और पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
देहरादून में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक पर पहचान छिपाकर युवती को मसूरी ले जाने का आरोप लगा। मामला सामने आने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और जमकर हंगामा देखने को मिला। घटना मसूरी रोड स्थित कुठालगेट क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार युवक एक युवती को बाइक पर लेकर देहरादून से मसूरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों को युवक की पहचान पर शक हुआ और उन्होंने दोनों को रोक लिया। आरोप है कि युवक ने पहले अपना नाम सागर बताया, लेकिन दस्तावेज जांच में उसकी पहचान सरफराज निवासी लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
युवती ने पुलिस को बताया कि उसे युवक की असली पहचान की जानकारी नहीं थी। घटना की सूचना मिलने पर युवती के परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने युवक के चेहरे पर कालिख पोत दी और उसके हाथों में चूड़ियां पहना दीं। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में ले लिया। तो वही राजपुर थाना पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।