एनसीआरबी रिपोर्ट 2024 के अनुसार उत्तराखंड में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। साइबर ठगी, ऑनलाइन यौन शोषण और अश्लील सामग्री से जुड़े कई मामले दर्ज किए गए हैं।
उत्तराखंड में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है और अब यह गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की साल 2024 की रिपोर्ट ने कई चौंकाने वाले आंकड़े सामने रखे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तराखंड में देश के सात प्रमुख पहाड़ी राज्यों की तुलना में सबसे अधिक साइबर अपराध दर्ज किए गए हैं। वर्ष 2024 में साइबर ठगी के कुल 543 मामले सामने आए, जिनमें 139 महिलाएं भी ठगी का शिकार बनीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 203 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि प्रदेश में चाइल्ड पोर्नोग्राफी और सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री प्रसारित करने के 82 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ ऑनलाइन यौन शोषण के 108 मामले, साइबर ब्लैकमेलिंग और साइबर स्टॉकिंग जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।
पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो साइबर अपराध लगातार लोगों के लिए खतरा बनता जा रहा है। साइबर ठग फर्जी लिंक, ऑनलाइन लोन, निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल और एआई तकनीक के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं।
ऐसे में पुलिस लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा न करने की अपील कर रही है।