देहरादून में दिनदहाड़े वारदात—भाजयुमो नेता को कार से कुचलने और उठाने की कोशिश, बाल-बाल बचे

देहरादून के क्लेमनटाउन में भाजपा युवा मोर्चा नेता पर जानलेवा हमला व अपहरण की कोशिश, पिस्टल तानकर वारदात। पीड़ित ने शोर मचाकर बचाई जान, पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

देहरादून में दिनदहाड़े वारदात—भाजयुमो नेता को कार से कुचलने और उठाने की कोशिश, बाल-बाल बचे
JJN News Adverties

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष हर्ष वालिया पर जानलेवा हमले और अपहरण के प्रयास का आरोप लगा है।

घटना क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, 18 अप्रैल को हर्ष वालिया अपने एक परिचित के साथ हुई मारपीट की शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, जहां दूसरे पक्ष के हार्दिक शर्मा, अभिनव काकरान और अन्य युवकों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।

इसके दो दिन बाद, 20 अप्रैल की शाम गौतम कुंड के पास बाइक से गुजरते समय एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मारने की कोशिश की। कार रुकने पर उसमें सवार हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा और अन्य लोग बाहर निकले और हर्ष की कनपटी पर पिस्टल तान दी। आरोप है कि उन्होंने हर्ष को जबरन कार में डालकर अपहरण करने की कोशिश की।

हालांकि, हर्ष वालिया ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ जुटते ही आरोपी घबरा गए और हर्ष पास की दीवार फांदकर भाग निकले, जिससे उनकी जान बच गई।

मामले में अंकित कंडारी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई कार को कब्जे में ले लिया गया है। हर्ष वालिया की तहरीर पर कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

JJN News Adverties
JJN News Adverties