देहरादून। डोईवाला क्षेत्र के मियांवाला स्थित एक होम स्टे में 40 वर्षीय महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के समय कमरे में मौजूद सीमा सुरक्षा बल का एक जवान भी अचेत अवस्था में मिला...
देहरादून। डोईवाला क्षेत्र के मियांवाला स्थित एक होम स्टे में 40 वर्षीय महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के समय कमरे में मौजूद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान भी अचेत अवस्था में मिला, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, होम स्टे के एक कमरे से महिला का शव बरामद हुआ, जबकि बीएसएफ जवान प्रेमेंद्र नेगी जहरीले पदार्थ के प्रभाव में बेसुध मिला। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
मृतका के पति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रेमेंद्र नेगी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने 13 जुलाई को महिला को होम स्टे में बुलाया और उसे जहरीला पदार्थ देकर हत्या कर दी।
पुलिस ने घटना स्थल को सील कर साक्ष्य सुरक्षित कर लिए हैं। साथ ही दोनों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सोशल मीडिया चैट की जांच की जा रही है। मामले के विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल बयान दर्ज करने योग्य नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।