ऋषिकेश में कारोबारियों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
देहरादून में पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो कारोबारियों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये की रंगदारी वसूल रहा था। मामला ऋषिकेश का बताया जा रहा है, जहां कारोबारी अतुल गुप्ता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि आरोपी उन्हें हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर मामलों में फंसाने का डर दिखा रहे थे। इतना ही नहीं, आरोपी “पुलिस सेटिंग” कराने के नाम पर 20 से 25 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
शिकायत मिलते ही एसएसपी देहरादून के निर्देश पर ऋषिकेश पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल्स की मदद से गिरोह के मास्टरमाइंड अनुज गोयल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 83 हजार 500 रुपये नकद, मोबाइल फोन और कई डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने कारोबारी को डराकर मोटी रकम ऐंठने के लिए पूरी साजिश रची थी।
फिलहाल पुलिस गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की गहराई से जांच जारी है।