आश्रम से जुड़ा सनसनीखेज कांड! सत्संग से लौटती महिला ने आश्रम से जुड़े लोगों पर दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल और जान से मारने की धमकी के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर से एक बेहद सनसनीखेज और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां आस्था की आड़ में हैवानियत के गंभीर आरोप लगे हैं। रुद्रपुर की एक महिला ने काशीपुर के एक आश्रम से जुड़े लोगों पर दुष्कर्म, ब्लैकमेल और जान से मारने की धमकी जैसे संगीन आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के अनुसार, 20 जुलाई 2025 को वह काशीपुर से सत्संग सुनकर लौट रही थी, तभी एक व्यक्ति ने उसे जबरन पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि जब उसने इस घटना की जानकारी अन्य लोगों को दी, तो उसे मदद मिलने के बजाय अभद्र व्यवहार, जातिसूचक टिप्पणियां और धमकियों का सामना करना पड़ा।
इतना ही नहीं, पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि 16 अगस्त 2025 को एक बार फिर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए और इस दौरान उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया गया। आरोप है कि इसी वीडियो के जरिए लगातार उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है और विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे उसका पूरा परिवार दहशत में है। महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए तत्काल FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है, अब देखना होगा कि आरोपियों के खिलाफ कब तक सख्त कार्रवाई होती है और पीड़िता को न्याय मिल पाता है या नहीं !