19-20 जुलाई उत्तराखंड में खतरे की घंटी! ट्रैकिंग बंद, DM को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश

मौसम विभाग ने 19-20 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी से अत्यंत भारी बारिश, भूस्खलन, आकाशीय बिजली और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की चेतावनी दी है.....

19-20 जुलाई उत्तराखंड में खतरे की घंटी! ट्रैकिंग बंद, DM को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश
JJN News Adverties

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने 19 और 20 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी से अत्यंत भारी बारिश, भूस्खलन, आकाशीय बिजली और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की चेतावनी दी है। संभावित आपदा को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश जारी किए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी पांच दिनों तक प्रदेश में मानसून अत्यधिक सक्रिय रहेगा। 19 जुलाई को नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों में अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

शासन ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार, खराब मौसम के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर रोक रहेगी। भूस्खलन संभावित मार्गों की लगातार निगरानी करने तथा सड़क बाधित होने की स्थिति में उन्हें शीघ्र सुचारु कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इसके साथ ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोबाइल फोन हर समय सक्रिय रखने, राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

JJN News Adverties