देहरादून में “ड्रग्स फ्री देवभूमि”: ऑपरेशन प्रहार के तहत रायपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले कैप्सूलों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है....
देहरादून में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के विजन को साकार करने के लिए दून पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। दरअसल, ऑपरेशन प्रहार के तहत रायपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले कैप्सूलों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 608 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, 19 जुलाई को पुलिस टीम महाराणा प्रताप चौक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। वही तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजू शाह बताया, जो हरिद्वार रोड क्षेत्र का रहने वाला है। आरोपी ने खुलासा किया कि वह ये नशीले कैप्सूल सहारनपुर से लाकर देहरादून में छात्रों और नशे के आदी लोगों को बेचने की फिराक में था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।