देहरादून में विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों पर शिकंजा कस गया है। विदेश मंत्रालय ने उत्तराखंड की 14 संदिग्ध एजेंसियों को चिन्हित किया, STF जांच में जुटी।
देहरादून से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां विदेश में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर युवाओं से ठगी करने वाले गिरोहों पर अब विदेश मंत्रालय ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, विदेश मंत्रालय ने उत्तराखंड में सक्रिय 14 संदिग्ध एजेंसियों और एजेंटों को चिन्हित किया है, जिन पर विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं।
बताया जा रहा है कि कई युवा इन एजेंसियों के झांसे में आकर विदेश तो पहुंच गए, लेकिन वहां उन्हें न नौकरी मिली और न ही वादे के मुताबिक सुविधाएं। इसके चलते युवाओं को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने इन संदिग्ध एजेंसियों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ कंपनियां बंद हो चुकी हैं, जबकि कई एजेंसियां अब भी बड़े-बड़े दावे कर युवाओं को फंसाने में जुटी हुई हैं।
वहीं, अब एसटीएफ भी इस मामले में एक्शन मोड में आ गई है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मंत्रालय से शिकायतों का पूरा ब्यौरा मांगा गया है। रिपोर्ट मिलते ही संबंधित एजेंसियों और एजेंटों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और एसटीएफ की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं और युवाओं से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।