SSC ने CGL 2026 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के जरिए 12,256 से ज्यादा पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है। Staff Selection Commission ने SSC CGL 2026 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 22 जून 2026 रात 11 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के जरिए केंद्र सरकार के कई विभागों में 12 हजार 256 से ज्यादा पद भरे जाएंगे। भर्ती के तहत आयकर विभाग, सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय समेत कई बड़े सरकारी विभागों में नौकरी का मौका मिलेगा।
इसमें सहायक अनुभाग अधिकारी, आयकर निरीक्षक, सीबीआई सब इंस्पेक्टर, अकाउंटेंट और टैक्स असिस्टेंट जैसे कई पद शामिल हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का ग्रेजुएट होना जरूरी है। वहीं आयु सीमा अलग-अलग पदों के अनुसार तय की गई है।
चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले टियर-1 परीक्षा और फिर टियर-2 परीक्षा आयोजित की जाएगी। आयोग के अनुसार टियर-1 परीक्षा अगस्त और सितंबर 2026 में हो सकती है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन पूरा करें।