झबरेड़ी खुर्द में बहुउद्देशीय शिविर के दौरान तेज डीजे को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट, हंगामा और भगदड़ में कई लोग घायल हुए। वायरल वीडियो में पूर्व विधायक भी दिखे। पुलिस जांच में जुटी है।
झबरेड़ी खुर्द गांव में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के दौरान अचानक तनाव और हंगामे का माहौल बन गया। कार्यक्रम के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर मारपीट और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। इस पूरे विवाद में एक पूर्व विधायक और दर्जा राज्य मंत्री का नाम भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम शुरू होने से पहले प्रचार वाहन के चालक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद माहौल और ज्यादा गर्म हो गया। आरोप है कि कार्यक्रम स्थल के सामने स्थित एक घर में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। जब डीजे बंद करने को कहा गया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पूर्व विधायक एक युवक की ओर ईंट लेकर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई। झड़प के दौरान दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।