देहरादून के राजपुर रोड बार विवाद में पुलिस महकमे में खींचतान। IG ने भारी फोर्स तैनाती पर उठाए सवाल, ADG ने 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी, मामला गरमाया।
देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक बार-रेस्टोरेंट में शनिवार रात हुई घटना के बाद पुलिस महकमे में अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आ गया है। मामला तब तूल पकड़ गया, जब आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने एक ही स्थान पर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती पर सवाल खड़े किए।
बताया जा रहा है कि आईजी अपने परिवार के साथ डिनर के लिए पहुंचे थे। वहीं, नीचे अलग-अलग थानों की पुलिस टीम तैनात थी। रात 12 बजे बाहर निकलते समय आईजी ने पूछा कि जब शहर के अन्य हिस्सों में भी सुरक्षा की जरूरत है, तो एक जगह इतनी फोर्स क्यों लगाई गई। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि यदि उसी समय कहीं और घटना हो जाती, तो जिम्मेदारी कौन लेता।
इधर, मामले में नाम आने के बाद एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने खुद को इससे अलग बताते हुए कहा कि वह मौके पर मौजूद नहीं थे, बल्कि कुठाल गेट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। विवाद बढ़ने पर पुलिस मुख्यालय सख्त हो गया है। एडीजी वी. मुरुगेशन ने आईजी और एसएसपी से 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है। उधर, NSUI ने भी प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की है। अब इस पूरे मामले पर सभी की नजरें पुलिस अधिकारियों की रिपोर्ट पर टिकी हैं।