देहरादून में गैस कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान 19 सिलेंडर जब्त और 2 गिरफ्तार डोईवाला में मुकदमे दर्ज।
DEHRADUN NEWS-: देहरादून में एलपीजी गैस की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर विभिन्न टीमों ने जिलेभर में गैस एजेंसियों, प्रतिष्ठानों और पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।
प्रशासन की टीमों ने कुल 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की। इस दौरान 19 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जबकि गैस की कालाबाजारी के आरोप में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया। डोईवाला क्षेत्र में इस मामले में 2 मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।
जिला प्रशासन के मुताबिक, एलपीजी गैस से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है। कंट्रोल रूम के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं का लगातार निस्तारण किया जा रहा है। इसके लिए प्रशासन ने 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 जारी किए हैं।
शाम 5 बजे तक कंट्रोल रूम में गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 341 शिकायतें दर्ज की गईं। जिला खाद्य पूर्ति विभाग और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि लगातार इन शिकायतों पर कार्रवाई कर रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार आज जिले में करीब 29,120 घरेलू उपभोक्ताओं और 69 व्यवसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडरों में अभी भी लगभग 67 हजार का बैकलॉग चल रहा है।
1 मार्च से अब तक जिले में 1,91,548 घरेलू और 15,336 व्यवसायिक गैस सिलेंडर वितरित किए जा चुके हैं, जबकि वर्तमान में 31,807 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। मांग के अनुसार सप्लाई बढ़ाने के लिए अतिरिक्त लोड भी बढ़ाया गया है ताकि बैकलॉग को जल्द कम किया जा सके।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। प्रशासन के अनुसार होम डिलीवरी के माध्यम से हर उपभोक्ता तक गैस सिलेंडर पहुंचाया जाएगा। साथ ही फिलहाल शहरी क्षेत्रों में एक सिलेंडर लेने के 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही अगली बुकिंग की जा सकेगी।