उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क और साफ रहेगा। मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ेगा, जबकि पहाड़ों में भी ठंड का असर कम होता नजर आ रहा है।
UTTARAKHAND WEATHRE UPDATE-: उत्तराखंड में मौसम अब धीरे-धीरे गर्मियों की ओर रुख करता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। राजधानी देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप खिलने से तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा सकता है। वहीं ऊंचाई वाले हिमालयी इलाकों में भी ठंड का असर धीरे-धीरे कम होता दिखाई दे रहा है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज शहर का न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे सुबह हल्की ठंडक महसूस हो सकती है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ तापमान तेजी से बढ़ेगा और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से करीब 4 से 6 डिग्री अधिक है।
आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और उत्तर-पश्चिम दिशा से 8 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। फिलहाल वर्षा के कोई संकेत नहीं हैं, लेकिन तेज धूप के कारण दोपहर में गर्मी का एहसास बढ़ सकता है।
हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जैसे मैदानी व निचले इलाकों में भी तेज धूप का असर देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम शुष्क रहने के कारण दोपहर के समय गर्मी ज्यादा महसूस होगी।
होली के मद्देनजर मौसम विभाग ने लोगों को धूप से बचाव करने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और दोपहर के समय बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
उच्च हिमालयी जिलों जैसे उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह और शाम हल्की ठंडक बनी रहेगी, लेकिन दिन के समय धूप का असर साफ तौर पर महसूस किया जाएगा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 8 और 9 मार्च के आसपास उत्तराखंड में देखने को मिल सकता है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
हालांकि फिलहाल प्रदेश में तेज धूप और बढ़ते तापमान के साथ मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।