देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 3 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है....
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 3 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश के तेज दौर के साथ गरज-चमक और बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में 8 अगस्त तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इस दौरान कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रह सकता है।
रविवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुककर तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने के कारण गर्मी का असर बना रहा।
देहरादून में सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक करीब 0.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। शहर में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखने की अपील की गई है।