देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में युवक से मारपीट, अपहरण व लूट के मामले में मुख्य आरोपी राघव शर्मा को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है, जांच तेज।
देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट और लूटपाट करने वाले मुख्य आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला सहसपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को केदारावाला निवासी अब्दुल सलाम ने पुलिस को शिकायत दी थी कि बालूवाला क्षेत्र में कुछ युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। तो वही आरोप है कि राघव नाम के युवक और उसके 6 से 7 साथियों ने उनके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर शंकरपुर की तरफ ले गए। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें धमकाते हुए उनके पास रखे करीब पांच हजार रुपये भी लूट लिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सहसपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी राघव शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला है और वर्तमान में सेलाकुई क्षेत्र में रह रहा था। वही पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। दून पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।