हल्द्वानी में पार्षदों ने देहरादून की तर्ज पर वेतन और भत्तों की मांग उठाई है। मेयर से बोर्ड बैठक बुलाकर प्रस्ताव पास करने की अपील की गई है।
हल्द्वानी नगर निगम में पार्षदों ने अब वेतन और भत्तों की मांग को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। बता दे, पार्षदों ने बैठक कर देहरादून की तर्ज पर मेयर और पार्षदों के लिए निजी भत्ते और वेतन लागू करने की मांग उठाई है। इसको लेकर उन्होंने मेयर गजराज बिष्ट से जल्द बोर्ड बैठक बुलाने और प्रस्ताव पास कर शासन को भेजने की अपील की है। इसी बीच पार्षदों का कहना है कि जिस तरह देहरादून में जनप्रतिनिधियों को सुविधाएं मिल रही हैं, उसी तरह हल्द्वानी में भी पार्षदों को वेतन और भत्ते मिलने चाहिए, ताकि वे बेहतर तरीके से जनता के काम कर सकें। वहीं, मेयर गजराज बिष्ट का कहना है कि नगर निगम एक परिवार की तरह है और सभी के हितों का ध्यान रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि सभी पार्षद इस प्रस्ताव के पक्ष में हैं, तो जल्द ही बोर्ड बैठक बुलाकर इसे आगे बढ़ाया जाएगा। अब देखना होगा कि यह मांग कब तक प्रस्ताव बनकर शासन तक पहुंचती है।