14 साल का बेटा कुछ ही पलों में हमेशा के लिए अपने परिवार से दूर हो गया... कूलर चलाने की कोशिश की, वह करंट की चपेट में आ गया...
हल्द्वानी में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। घर में खेलते-कूदते और हंसते हुए लौटा 14 साल का बेटा कुछ ही पलों में हमेशा के लिए अपने परिवार से दूर हो गया। गर्मी से राहत पाने के लिए जैसे ही उसने कूलर चलाने की कोशिश की, वह करंट की चपेट में आ गया।
जानकारी के मुताबिक फॉरेस्ट रिसर्च सेंटर परिसर में रहने वाले संतोष आर्या वन विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के तौर पर काम करते हैं। गुरुवार शाम उनका छोटा बेटा राकेश आर्या अपने भाई के साथ खेलकर घर लौटा था। गर्मी ज्यादा होने के कारण उसने कूलर चलाने के लिए हाथ लगाया, लेकिन उसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। तो वही परिजन जब तक कुछ समझ पाते और उसे बचाने की कोशिश करते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। करंट का झटका इतना तेज था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि राकेश पढ़ाई में काफी होनहार था और एचएन इंटर कॉलेज में 10वीं कक्षा का छात्र था। परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जिस तारीख को 14 साल पहले राकेश का जन्म हुआ था, उसी दिन उसने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। बेटे को खोने के बाद पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।