हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में वन विभाग के संविदा कर्मी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां वन विभाग में संविदा पर तैनat एक प्लांटेशन वॉचर की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। तो वही मृतक की पहचान 50 साल के मेवा लाल निवासी कौशाम्बी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह टांडा रेंज में वन विभाग के अंतर्गत संविदा कर्मी के तौर पर कार्यरत था। शुक्रवार देर रात उसका अपने साथी तिवारी सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों शराब के नशे में थे और इसी दौरान कहासुनी अचानक हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आए तिवारी सिंह ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाई और मेवा लाल की गर्दन पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण मेवा लाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वही घटना की सूचना मिलते ही हल्द्वानी कोतवाली और टीपीनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का लग रहा है। आरोपी तिवारी सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।