हल्द्वानी के व्यस्त तिकोनिया चौराहे पर सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अंग्रेजी और देशी शराब की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई..
हल्द्वानी के व्यस्त तिकोनिया चौराहे पर सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अंग्रेजी और देशी शराब की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे राहगीरों ने दुकान से उठती आग की लपटें देखीं और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के साथ ऊपरी मंजिल में बने गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह साढ़े चार बजे आग पर काबू पाया।
सबसे राहत की बात यह रही कि दुकान के अंदर मौजूद गैस सिलेंडर को दमकल कर्मियों ने समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा विस्फोट और गंभीर हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में करीब आठ करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।