विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित सिटी पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया....
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित सिटी पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री और नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान अजय भट्ट ने देश और प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वृक्ष धरती पर जीवन का आधार हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है।
वहीं सांसद अजय भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का भी उल्लेख किया और लोगों से अपील की कि वे अपनी माताओं के नाम पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है। तभी पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सफल हो सकेगा। वहीं सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प भी लिया।