हल्द्वानी में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बनभूलपुरा से युवक गिरफ्तार। 20 नशीले इंजेक्शन बरामद, एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज।
हल्द्वानी में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बनभूलपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 7 मई 2026 को इंद्रानगर फाटक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान साहिल उर्फ जुनैद नाम के युवक को पकड़ा गया। आरोपी मलिक का बगीचा, बनभूलपुरा का निवासी बताया जा रहा है। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 20 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनमें 10 ब्यूप्रेनॉर्फिन और 10 एविल फेनिरामीन मालेएट इंजेक्शन शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।