हल्द्वानी शहर के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है, जहां सालों से गौलापार स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा कूड़े का विशाल पहाड़ अब जल्द इतिहास बनने जा रहा है
हल्द्वानी शहर के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है, जहां सालों से गौलापार स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा कूड़े का विशाल पहाड़ अब जल्द इतिहास बनने जा रहा है। आपको बतादे की नगर निगम ने करीब 1.75 लाख मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट यानी पुराने कूड़े के निस्तारण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। दरअसल, इस परियोजना के लिए दिल्ली की एक कंपनी का चयन कर लिया गया है, जो ट्रंचिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा कचरे को वैज्ञानिक तरीके से हटाने और उसका निस्तारण करने का काम करेगी। वही नगर निगम के अनुसार, कूड़े से निकलने वाले कपड़े और पॉलिथीन जैसी सामग्री को रीसाइक्लिंग और प्रोसेसिंग के लिए फैक्ट्रियों में भेजा जाएगा, जबकि अन्य उपयोगी सामग्री का इस्तेमाल सड़कों और खाली प्लॉटों के भरान कार्य में किया जा सकेगा। ऐसे में नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि जल्द ही कंपनी और नगर निगम के बीच औपचारिक अनुबंध किया जाएगा, जिसके बाद कार्य शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही ताजे कूड़े के निस्तारण के लिए भी अलग टेंडर प्रक्रिया चल रही है, जिसमें गीले कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया है। कुल मिलाकर, यह योजना न सिर्फ शहर को कूड़े के पहाड़ से राहत दिलाएगी, बल्कि स्वच्छ और बेहतर हल्द्वानी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित होगी।