हल्द्वानी में अवैध व महंगी किताबों पर प्रशासन का एक्शन, कई दुकानों पर छापे। NCERT से बाहर किताबें मिलने पर जांच शुरू, स्कूलों की मान्यता भी जांच के दायरे में, नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई होगी।
नैनीताल के डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए, हल्द्वानी नगर क्षेत्र में प्रशासन ने बुक सेलर्स के खिलाफ सख्त छापेमारी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार इस अभियान के तहत तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया, जिनमें नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी और तहसीलदार हल्द्वानी के नेतृत्व में शिक्षा विभाग और राज्य कर विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
आपको बता दें कि जांच के दौरान कई अहम बातें सामने आई हैं। इसमें सबसे चिंता जनक बात ये रही कि कुछ विद्यालयों में NCERT पाठ्यक्रम से बाहर की महंगी किताबें पढ़ाई जा रही थीं। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए इन किताबों के औचित्य और उनकी कीमतों की जांच के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए हैं।
तो वही स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि NCERT की किताबों से अधिक कीमत वाली किताबों को उचित नहीं माना जाएगा। इसके साथ ही, कुछ स्कूलों में प्ले ग्रुप, प्री-नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी कक्षाओं के संचालन की भी जानकारी मिली है।
इन कक्षाओं की मान्यता और पंजीकरण की जांच के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
बता दें कि प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया,तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस अभियान को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।