लालकुआं, बिंदुखत्ता और शांतिपुरी क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। गौला नदी पर 250 मीटर लंबे नए पीएससी पुल के निर्माण के लिए 18.78 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है।
लालकुआं, बिंदुखत्ता और शांतिपुरी क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दरअसल, प्रदेश सरकार ने गौला नदी पर नए पुल के निर्माण के लिए 18 करोड़ 78 लाख रुपये की मंजूरी दे दी है। बता दे, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत ग्राम सूर्यनगर और ग्राम शांतिपुरी नंबर-4 के बीच गौला नदी पर 250 मीटर लंबा प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट यानी PSC पुल बनाया जाएगा।
इस पुल की मांग स्थानीय लोग कई वर्षों से कर रहे थे। हर बरसात में गौला नदी उफान पर आने से बिंदुखत्ता के श्रीलंका टापू और शांतिपुरी के शक्तिफार्म-सितारगंज क्षेत्र के बीच संपर्क टूट जाता था। इसका सबसे ज्यादा असर ग्रामीणों, किसानों, छात्रों और मरीजों पर पड़ता था, जिन्हें आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
अब इस नए पुल के बनने से न केवल सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा, बल्कि लालकुआं, बिंदुखत्ता, सूर्यनगर, शांतिपुरी, शक्तिफार्म, सितारगंज समेत दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वही स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।