नैनीताल के कालाढूंगी में दर्दनाक हादसा, बस ओवरटेक करते समय बाइक सवार युवक की मौके पर मौत। लालकुआं निवासी मृतक परिवार का इकलौता सहारा था, पुलिस हादसे की जांच में जुटी।
हल्द्वानी से इस वक्त की दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां बस के पीछे बाइक टकराने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मामला कालाढूंगी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, लालकुआं के रावत नगर निवासी 35 वर्षीय पुष्कर सिंह कार्की अपनी बाइक से रामनगर से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान कमोला क्षेत्र में गुरुणी नाले के पास उन्होंने आगे चल रही बस को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर बस के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक ट्रक चालक था और परिवार का इकलौता सहारा था। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।