हल्द्वानी में पुताई के बहाने रेकी कर युवक ने 3.5 लाख की चोरी की, लेकिन पुलिस ने CCTV और सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर 3.17 लाख बरामद कर लिए।
हल्द्वानी में एक हैरान कर देने वाला चोरी का मामला सामने आया है, जहां पुताई करने आए एक युवक ने पहले कार्यालय की रेकी की और फिर मौका मिलते ही लाखों रुपये पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि नैनीताल पुलिस की सतर्कता और तेज कार्रवाई के चलते आरोपी ज्यादा दिन तक फरार नहीं रह सका और आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी कुछ दिन पहले एक कार्यालय में पुताई का काम करने आया था। इसी दौरान उसकी नजर वहां रखी बड़ी रकम पर पड़ गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने तुरंत वारदात को अंजाम नहीं दिया, बल्कि शक से बचने के लिए करीब दस दिनों तक शांत बैठा रहा। इसके बाद उसने रात के समय कार्यालय का शटर तोड़ा और करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद तथा वहां रखा आधार कार्ड चोरी कर फरार हो गया। तो वही घटना सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। सर्विलांस और मैन्युअल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने मुखानी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 3 लाख 17 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 31 साल के बबलू के रूप में हुई है, जो पुताई का काम करता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर या कार्यालय में काम करने वाले बाहरी लोगों का पूरा सत्यापन जरूर कराएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।