हल्द्वानी के मुखानी में बाइक सवार बदमाश बुजुर्ग महिला से 3.5 तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
हल्द्वानी से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी खबर सामने आई है, जहां मुखानी क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन झपट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, पॉलीशीट निवासी 60 वर्षीय नीता साह शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे मुखानी नहर कवरिंग रोड पर रोज की तरह टहलने निकली थीं। तभी जगदंबा बैंक्वेट हॉल के पास पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर आए दो युवकों ने उनके गले से करीब 3.5 तोले की सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं और उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
वहीं सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।