हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में गुरुवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब छात्र राजनीति से जुड़े दो प्रमुख संगठन एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए.....
हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में गुरुवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब छात्र राजनीति से जुड़े दो प्रमुख संगठन एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। वही मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि बात बहस से हाथापाई तक पहुंच गई और एक छात्र घायल हो गया।
दरअसल, आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एबीवीपी कॉलेज गेट के बाहर हस्ताक्षर अभियान चला रही थी। वहीं दूसरी ओर, एनएसयूआई कार्यकर्ता नीट-यूजी और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में कॉलेज परिसर के अंदर हस्ताक्षर अभियान आयोजित कर रहे थे। इसी दौरान कार्यक्रमों और पोस्टरों को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद शुरू हो गया।
मामला बढ़ता देख शिकायत कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर एन.एस. बनकोटी तक पहुंची। जिसके बाद उन्होंने परीक्षा अवधि का हवाला देते हुए दोनों संगठनों से किसी भी प्रकार का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित करने को कहा। हालांकि, प्राचार्य कक्ष से बाहर निकलने के कुछ समय बाद मुख्य गेट पर फिर विवाद भड़क गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। वही स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा कर्मियों और शिक्षकों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। इस दौरान एक छात्र घायल हो गया, जिसका उपचार बेस अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची, जबकि कॉलेज प्रशासन ने परीक्षाओं के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।