चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य, बिना परमिट वाहनों की एंट्री नहीं। परिवहन विभाग ने फिटनेस, दस्तावेज और ड्राइवर अनुभव जांच सख्त की।
चारधाम यात्रा को लेकर परिवहन विभाग इस बार पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब व्यावसायिक वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। हल्द्वानी के आरटीओ गुरदेव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जो भी वाहन चारधाम यात्रा में जाएगा, उसके लिए ग्रीन कार्ड बनवाना जरूरी है। बिना ग्रीन कार्ड के किसी भी वाहन को यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्रीन कार्ड जारी करने से पहले वाहन की पूरी जांच की जा रही है। इसमें वाहन की फिटनेस, जरूरी दस्तावेज और चालक का अनुभव देखा जा रहा है। साथ ही ड्राइवर के लिए हिल एंडोर्समेंट भी जरूरी किया गया है, ताकि पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षित ड्राइविंग हो सके।
आरटीओ के अनुसार रुद्रपुर, काशीपुर, हल्द्वानी और टनकपुर कार्यालयों से अब तक 100 से ज्यादा ग्रीन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। यह प्रक्रिया लगातार जारी है। परिवहन विभाग का कहना है कि इस कदम से चारधाम यात्रा के दौरान होने वाले हादसों में कमी आएगी और यात्रा ज्यादा सुरक्षित बनेगी। तो वही उन्होंने यात्रियों और वाहन मालिकों से अपील की है कि यात्रा पर जाने से पहले सभी नियमों का पालन करें और जरूरी कागज पूरे रखें। कुल मिलाकर, इस बार चारधाम यात्रा को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा हुआ है।