सीएम Pushkar Singh Dhami दो दिवसीय नैनीताल दौरे पर हल्द्वानी पहुंचे। रामनगर में विधायक दीवान सिंह बिष्ट की पत्नी को श्रद्धांजलि देने के बाद वे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
पुष्कर सिंह धामी दो दिवसीय नैनीताल जिला दौरे पर हल्द्वानी पहुंच चुके हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वहीं उनके दौरे की शुरुआत संवेदनाओं के साथ हुई, जहां मुख्यमंत्री सबसे पहले रामनगर पहुंचे।
आपको बता दें कि रामनगर में मुख्यमंत्री धामी ने विधायक दीवान सिंह बिष्ट के आवास पर पहुंचकर उनकी पत्नी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से हल्द्वानी पहुंचे, जहां काठगोदाम सर्किट हाउस में उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री आज और कल हल्द्वानी में रहेंगे और कई सरकारी व विकास से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
वहीं प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह सख्त कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं। साथ ही विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी। फिलहाल मुख्यमंत्री धामी का यह दौरा संवेदना और विकास, दोनों संदेशों को लेकर अहम माना जा रहा है।