रामनगर में बढ़ती महंगाई के खिलाफ पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पेट्रोल-डीजल, गैस और जरूरी सामानों की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा गया।
रामनगर में बढ़ती महंगाई को लेकर रविवार को कांग्रेस का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। जहां पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और जरूरी सामानों की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।
इसी बीच पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता रानीखेत रोड पर एकत्र हुए और हाथों में तख्तियां-बैनर लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बता दे, प्रदर्शन के दौरान “डीजल-पेट्रोल के दाम वापस लो”, “बहुत हुई महंगाई की मार” और “हमें लौटा दो पुराने दिन” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। वही कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और लगातार बढ़ती महंगाई से गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
इस मौके पर पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अच्छे दिनों का वादा करने वाली सरकार ने जनता को महंगाई के संकट में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, खाद्य तेल और रोजमर्रा की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि लोगों की आमदनी घटती जा रही है।
रावत ने ये भी कहा कि सरकार केवल दिखावटी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा की सभी मंत्री साइकिल और पैदल चलने का ढोंग कर रहे है, बल्कि उनके पीछे सरकारी गाड़ियों का लंबा काफिला चलता है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में पार्टी और बड़ा आंदोलन करेगी।