हल्द्वानी में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बुद्ध पार्क में प्रदर्शन किया।
हल्द्वानी में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। अब इस मुद्दे पर कांग्रेस भी खुलकर सड़क पर उतर आई है। सोमवार को शहर के बुद्ध पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ अपनी नाराज़गी जाहिर की।
दरअसल, कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से बढ़े हुए बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी भी की गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
वहीं, कांग्रेस नेताओं ने सरकार से स्मार्ट मीटर योजना की समीक्षा करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का जल्द समाधान करने की मांग की। उनका कहना है कि लोगों की समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल, स्मार्ट मीटर का मुद्दा हल्द्वानी में लगातार राजनीतिक और जनचर्चा का विषय बना हुआ है।