हल्द्वानी में लगातार दर्दनाक घटनाएं, होटल में युवक की मौत, बस चालक ने भी तोड़ा दम

हल्द्वानी में अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। मुखानी क्षेत्र के होटल में युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला, जबकि स्कूल बस चालक की अचानक मौत हो गई।

हल्द्वानी में लगातार दर्दनाक घटनाएं, होटल में युवक की मौत, बस चालक ने भी तोड़ा दम
JJN News Adverties

हल्द्वानी से लगातार सामने आ रही दर्दनाक घटनाओं ने लोगों को हैरान कर दिया है। कहीं होटल के कमरे में युवक की संदिग्ध हालत में मौत हुई, तो कहीं स्कूल बस चालक ने अचानक दम तोड़ दिया। वहीं एक महिला की भी जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक मुखानी थाना क्षेत्र के एक होटल में उत्तर प्रदेश के युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान 30 साल के लाल साहब पटेल निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। होटल संचालक के अनुसार युवक सुबह करीब साढ़े छह बजे होटल में आया था। रात करीब आठ बजे कमरे से तेज आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद होटल कर्मचारियों को शक हुआ।

कर्मचारियों ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला तो युवक बाथरूम में बेहोश पड़ा मिला। कमरे और बाथरूम में उल्टी फैली हुई थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसी बीच हल्द्वानी में एक और दुखद घटना सामने आई। आरटीओ रोड स्थित एक स्कूल में बस चालक अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद शहर में चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन सभी मामलों की जांच में जुटे हुए हैं।

JJN News Adverties
JJN News Adverties