हल्द्वानी में नैनीताल जिले के ग्राम विकास अधिकारियों का द्विवार्षिक अधिवेशन आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया
हल्द्वानी में नैनीताल जिले के ग्राम विकास अधिकारियों का द्विवार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें राज्य के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान जिले के अलग-अलग विकासखंडों से पहुंचे ग्राम विकास अधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उन ग्राम विकास अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने अपने क्षेत्रों में बेहतर काम करते हुए सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। सम्मान मिलने के बाद अधिकारियों में उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि ग्राम विकास अधिकारी गांवों के विकास की सबसे मजबूत कड़ी होते हैं। सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि चाहे सड़क, पानी, रोजगार या अन्य योजनाएं हों, उन्हें धरातल पर लागू करने में ग्राम विकास अधिकारी लगातार मेहनत करते हैं। वही मंत्री ने ये भी कहा कि ग्राम विकास अधिकारी जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर काम करते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। अधिवेशन के दौरान ग्राम विकास अधिकारियों ने भी अपनी कई मांगें सरकार के सामने रखीं। अधिकारियों ने कामकाज से जुड़ी समस्याओं और सुविधाओं को लेकर चर्चा की। तो वही कार्यक्रम में कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार ग्राम विकास अधिकारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करेगी, ताकि ग्रामीण विकास के काम और बेहतर तरीके से आगे बढ़ सकें।