लालकुआं के टांडा रेंज में टस्कर हाथी का आतंक, टेम्पो पर हमला कर गेहूं की बोरियां गिराईं। चालक ने कूदकर बचाई जान, वन विभाग अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील।
लालकुआं के टांडा रेंज स्थित सांप पठानी खत्ता क्षेत्र में एक बार फिर टस्कर हाथी का आतंक देखने को मिला है। इस बार हाथी ने गेहूं से भरे एक टेम्पो को निशाना बना लिया, हालांकि चालक और अन्य लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, गेहूं से लदा टेम्पो लालकुआं की ओर जा रहा था, तभी अचानक झाड़ियों से एक टस्कर हाथी निकलकर वाहन की ओर बढ़ा। स्थिति को भांपते हुए चालक और उसके साथ मौजूद लोग तुरंत वाहन से कूदकर सुरक्षित स्थान पर भाग गए, जिससे उनकी जान बच गई।
हालांकि, हाथी ने टेम्पो में रखी गेहूं की बोरियों को नीचे गिराकर नुकसान पहुंचाया। चालक बसीम खान ने बताया कि पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में इसी इलाके में हाथी के हमलों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल के पास जाने से बचने की अपील की है।