उत्तराखंड के पौड़ी जिले में फर्जी डिग्री के आरोपों के बाद राजकीय इंटर कॉलेज इंदिरापुरी के प्रधानाचार्य रोबिन सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
सरकारी नौकरी पाने के लिए अगर कोई फर्जी डिग्री का सहारा ले, तो अंजाम बुरा होता है....इसका ताजा उदाहरण उत्तराखंड के पौड़ी से सामने आया है।दरअसल, एकेश्वर विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज इंदिरापुरी में तैनात प्रधानाचार्य रोबिन सिंह की नियुक्ति इसी साल 20 मार्च को हुई थी। आरोप है कि चयन प्रक्रिया के दौरान उन्हें मेरिट सूची में धोखाधड़ी से ऊपर लाया गया। इसके बाद दूसरे स्थान पर रहीं अभ्यर्थी रश्मि बहुखंडी ने सूचना के अधिकार यानी RTI के माध्यम से उनके शैक्षणिक दस्तावेजों की जानकारी मांगी।जांच में सामने आया कि रोबिन सिंह द्वारा जमा की गई MA और B.ED की डिग्रियों पर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने जिन डिग्रियों का दावा किया, उनके संबंध में जांच के दौरान कई तथ्य सामने आए, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले की विस्तृत जांच कराई।
साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि रोबिन सिंह को दो बार स्पष्टीकरण देने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कॉलेज प्रबंधन को प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं।वहीं, उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने इसे युवाओं की जीत बताते हुए फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।