होली त्योहार को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग एक्शन मोड पर आया है। इस दौरान रामपुर रोड स्थित बेलबाबा चैक पोस्ट में प्रवर्तन टीम ने खाद्य पदार्थ ले जाते 24 से अधिक वाहनों का निरीक्षण किया
होली त्योहार को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) एक्शन मोड पर आया है। इस दौरान रामपुर रोड स्थित बेलबाबा चैक पोस्ट (Belbaba Check Post) में प्रवर्तन टीम ने खाद्य पदार्थ ले जाते 24 से अधिक वाहनों का निरीक्षण किया। दो खाद्य कारोबारियों को खाद्य संरक्षा व मानक अधिनियम (Food Safety and Standards Act), 2006 के प्राविधानों का उल्लंघन करने पर नोटिस दिया गया। वहीं छह खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच को भेजे।
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं डा. राजेंद्र सिंह कठायत (Deputy Commissioner Kumaon Dr. Rajendra Singh Kathayat) ने टीम के साथ बेलबाबा चैक पोस्ट पर बाहरी क्षेत्र से आने वाले वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान आपूर्तिकर्ता वाहनों से दुग्ध, नमकीन, आटा, आइस कैंडी, अरहद दाल, उर्द दाल के छह नमूने संग्रहित कर जांच को भेजे गए। नमूनों की जांच रिपोर्ट सही न मिलने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ सक्षम न्यायालय में खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधिक कार्रवाई होगी। निरीक्षण में दो खाद्य कारोबारियों को नोटिस देकर अधिनियम का पालन करने व कारोबार में आवश्यक सुधार करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है। ऐसा न होने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी है।