हल्द्वानी में तृतीय गोल्ज्यू यात्रा का भव्य स्वागत, राम मंदिर में दिखी उत्तराखंड की लोक आस्था और संस्कृति की अनोखी झलक, बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल।
हल्द्वानी में उत्तराखंड की लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत की अद्भुत झलक उस समय देखने को मिली, जब तृतीय गोल्ज्यू यात्रा अपने 19वें दिन शहर पहुंची। राम मंदिर में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जहां पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची मातृशक्ति ने श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा का अभिनंदन किया। पूरे माहौल में भक्ति और संस्कृति की रंगत साफ नजर आई।
यह यात्रा 19 अप्रैल को चम्पावत स्थित मुख्य गोल्ज्यू मंदिर से अक्षय तृतीया के अवसर पर शुरू हुई थी, जो अब तक राज्य के कई जिलों से होकर गुजर चुकी है। हल्द्वानी पहुंचने पर रामलीला मैदान से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो बाजार क्षेत्र से होते हुए गोल्ज्यू मंदिर पहुंची। यहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ यात्रा का स्वागत किया गया और मंदिर में जागर का आयोजन भी हुआ। श्रद्धालुओं ने गोल्ज्यू देवता का आशीर्वाद लेकर धार्मिक उत्साह का परिचय दिया।
यात्रा के आयोजक विजय भट्ट ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। खास बात यह रही कि सिख समाज समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी इस यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश भी मिला।