गौलापार में शादी समारोह के दौरान पानी पीने को लेकर विवाद, मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप। एक युवक घायल, पुलिस जांच जारी।
गौलापार क्षेत्र से एक मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां अचानक तनाव में बदल गईं।
जानकारी के मुताबिक, 10 मई की रात एक विवाह समारोह में पानी पीने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि डीजे चला रहे दो दलित युवकों के साथ बारात पक्ष के कुछ लोगों ने अभद्रता की और मारपीट भी की।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, देवला मल्ला निवासी शुभम टम्टा कार्यक्रम में डीजे चला रहे थे और उनका एक रिश्तेदार भी उनके साथ मौजूद था। इसी दौरान पानी पीने को लेकर आपत्ति जताई गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी चोटें आईं।
घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है।
घटना से नाराज ग्रामीणों और महिलाओं ने काठगोदाम कोतवाली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की।
वहीं पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।