हल्द्वानी में बढ़ती गर्मी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के बाजारों में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान, टीम ने लस्सी, जूस और दूध समेत कई पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की।
हल्द्वानी में बढ़ती गर्मी के साथ ही मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है..दरअसल, खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को शहर के बाजारों में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान, टीम ने लस्सी, जूस और दूध समेत कई पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की, और मौके से कई संदिग्ध नमूने लेकर जांच के लिए राज्य लैब भेज दिए।
बताया जा रहा है कि, यह विशेष अभियान जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाया जा रहा है,
क्योंकि गर्मी बढ़ने के साथ ठंडे पेय पदार्थों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है, और इसी के साथ मिलावट और अस्वच्छता की शिकायतें भी सामने आ रही थीं।
इसी को ध्यान में रखते हुए, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के मुख्य इलाकों में जूस और लस्सी की दुकानों पर सघन चेकिंग की, साथ ही दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश भी दिए गए। वहीं, जांच के दौरान यह भी देखा गया कि कुछ जगहों पर जूस को आकर्षक बनाने के लिए केमिकल कलर्स का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिसके चलते पानी और दूध की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की गई। अधिकारी अभय सिंह के मुताबिक, सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है,और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, उन्होंने साफ कहा है कि अगर किसी भी नमूने में मिलावट या अशुद्धता पाई जाती है,
तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, विभाग ने साफ कर दिया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा,ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सकें।