हल्द्वानी में सुरक्षा और अग्निशमन मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर प्रशासन ने 7 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। छात्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर जिला प्रशासन ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। दरअसल सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्थाओं की जांच के दौरान कई संस्थानों में गंभीर खामियां सामने आईं।
आपको बता दे निरीक्षण में सात कोचिंग संस्थानों के पास फायर एनओसी और आवश्यक सुरक्षा मानक नहीं पाए गए, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। वहीं एक अन्य संस्थान को निर्धारित समय में सुरक्षा मानक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही संयुक्त छापेमारी में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार और फायर विभाग की टीम शामिल रही।
इतना ही नहीं अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जिन संस्थानों में नियमों की अनदेखी मिलेगी, उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि हल्द्वानी में मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए हजारों छात्र कोचिंग संस्थानों में अध्ययन करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ये विशेष अभियान चलाया गया।