हल्द्वानी में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, ग्राम प्रधान और पत्नी पर जानलेवा हमला। दोनों गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हल्द्वानी से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामला मोटाहल्दू के पदमपुर देवलिया क्षेत्र का है, जहां ग्राम प्रधान और उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान रमेश जोशी के घर के बाहर उनके पड़ोसी ने अपनी कार खड़ी कर दी थी। इसी दौरान ग्राम प्रधान की पत्नी ने उनसे गाड़ी हटाने को कहा, ताकि वह अपनी कार निकाल सकें। बस इसी छोटी सी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि पड़ोसी ठाकुर सिंह मेहरा और उनके परिवार के कुछ लोगों ने मिलकर ग्राम प्रधान और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। इस हमले में ग्राम प्रधान रमेश जोशी का हाथ टूट गया है, जबकि उनकी पत्नी को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को तुरंत हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है।