हल्द्वानी का डबल धमाका! वर्षा जोशी बनीं प्रदेश की दूसरी टॉपर, उज्ज्वल डालाकोटी बने डिप्टी कलेक्टर...
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में कुमाऊं के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। हल्द्वानी की बेटी वर्षा जोशी ने पूरे प्रदेश में दूसरी रैंक हासिल की है, वहीं जीएसटी विभाग में सहायक आयुक्त के पद पर कार्यरत उज्ज्वल डालाकोटी डिप्टी कलेक्टर बने हैं। इस खबर से पूरे कुमाऊं को गौरवान्वित कर दिया है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में शहर की बेटी वर्षा जोशी ने प्रदेशभर में दूसरी रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बीरशेवा सीनियर सेकेंडरी स्कूल और एमबीपीजी कॉलेज की छात्रा रहीं वर्षा की इस सफलता से परिवार, शिक्षकों और शहरवासियों में खुशी का माहौल है। वहीं दूसरी ओर, राज्य कर विभाग में सहायक आयुक्त के पद पर कार्यरत उज्ज्वल डालाकोटी ने भी शानदार सफलता हासिल करते हुए डिप्टी कलेक्टर पद पर चयन प्राप्त किया है। साथ ही पीसीएस परीक्षा में आठवीं रैंक हासिल करने वाले उज्ज्वल इससे पहले रेंजर परीक्षा में भी प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त कर चुके हैं।
इन दोनों युवाओं की उपलब्धि यह साबित करती है कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। आज वर्षा और उज्ज्वल न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।